उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने बुधवार को कांड्रा जंक्शन स्टेशन का औचक निरीक्षण कर यहां चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की. अधिकारियों की टीम के साथ पहुंचे डीआरएम ने स्टेशन परिसर, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और भविष्य की योजनाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
निरीक्षण के बाद डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि कांड्रा स्टेशन को चक्रधरपुर मंडल का सबसे आकर्षक, आधुनिक और यात्री सुविधाओं से युक्त स्टेशन बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर लिफ्ट, अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, ऑटो-टैक्सी स्टैंड और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा. साथ ही स्थानीय लोगों और यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए अंडरपास का निर्माण भी प्रस्तावित है.
डीआरएम ने बताया कि रेलवे की तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना के तहत कांड्रा स्टेशन का व्यापक विस्तार किया जाएगा. इस योजना के अंतर्गत प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाई जाएगी तथा अतिरिक्त रेल लाइनों का निर्माण होगा, जिससे ट्रेनों के परिचालन में सुगमता आएगी और भविष्य में बढ़ते रेल यातायात को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा.
इस दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने कोरोना काल में बंद हुई कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के कांड्रा स्टेशन पर पुनः ठहराव शुरू करने की मांग उठाई. इस पर डीआरएम ने बताया कि संबंधित ट्रेनों के स्टॉपेज का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है और इस दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की जरूरतों और क्षेत्र की मांगों को गंभीरता से लिया जा रहा है.
डीआरएम के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में कांड्रा स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस होने के साथ-साथ प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी फिर से प्राप्त कर सकेगा.
निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी, स्टेशन मास्टर विवेक कुमार, आरपीएफ प्रभारी अश्मित वर्मा सहित रेलवे के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.


