उदित वाणी, रांची : झारखंड को छह नये आईपीएस अधिकारी मिले. केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा सिविल सेवा परीक्षा 2024 के आधार पर भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के कैडर आवंटन की अधिसूचना जारी कर दी गई है. जिसके तहत देशभर के 147 चयनित अधिकारियों में से 6 नये आईपीएस अधिकारियों को झारखंड कैडर मिला है. झारखंड कैडर पाने वालों में करन कुमार रैंक-174 और सौरभ राजेंदु रैंक-199 राज्य के ही मूल निवासी हैं.
इनके अलावा काबिल भार्गव व पुलकित बंसल दिल्ली, मानसी सिंह उत्तर प्रदेश और कर्मवीर नरवाडिया राजस्थान निवासी को भी झारखंड कैडर आवंटित किया गया है. वहीं झारखंड के सफल अभ्यर्थी राज कुमार महतो को कैडर नीति के तहत केरल कैडर मिला है. वे केरल में आईपीएस अधिकारी के रूप में अपनी सेवायें देंगे. जबकि राज्यों में उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक 17 नये आईपीएस अधिकारी मिले हैं.
झारखंड कैडर के दो और आईपीएस जायेंगे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर
इधर झारखंड कैडर के दो और आईपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जायेंगे. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में दोनों ही अधिकारियों को झारखंड से शीघ्र विरमित करने के लिए पत्राचार किया है. जिन दो अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए स्वीकृति मिली है. उनमें झारखंड पुलिस की आईजी प्रशिक्षण बर्ष 2006 बैच की ए विजयालक्ष्मी सीआरपीएफ में आईजी होंगे. वहीं सीआईडी के डीआईजी बर्ष 2011 बैच के चंदन कुमार झा सीआईएसएफ में डीआईजी होंगे.
केंद्र से वापसी की कतार में भी कई अधिकारी
वहीं केंद्र से वापसी की कतार में भी झारखंड कैडर के कई आईपीएस अधिकारी हैं. इनमें एनआईए के आइजी आशीष बत्रा, एर्नआइए में एसपी डा जया राय, सीर्बीआइ में एसपी अनूप टी मैथ्यू व कैबिनेट सचिवालय में निदेशक राकेश बंसल शामिल हैं. बताया गया कि ये अधिकारी जल्द ही झारखंड वापस लौटेंगे.


