उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला-खरसावां जिला की पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने एसपी महोदया को स्मृति चिह्न भेंटकर उनका भव्य स्वागत किया.
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर चर्चा
मुलाकात के दौरान पुरेंद्र नारायण सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं की ओर पुलिस अधीक्षक महोदया का ध्यान आकृष्ट कराया. उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया.
मैदानों और पार्कों में एंटी क्राइम चेकिंग एवं नियमित पेट्रोलिंग की माँग
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक महोदया से मांग की कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी मैदानों और पार्कों में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए नियमित रूप से पुलिस पेट्रोलिंग कराई जाए. इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को भी तेज करने का आग्रह किया ताकि अपराध पर पूरी तरह से नियंत्रण लगाया जा सके.
एसपी ने दिया सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने का ठोस आश्वासन
पुलिस अधीक्षक महोदया निधि द्विवेदी ने पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में मिलने आए प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिला पुलिस प्रशासन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुरक्षित सुदृढ़ रखने, आम जनों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था स्थापित रखने के लिए कृत संकल्पित है.
प्रतिनिधिमंडल में ये गणमान्य लोग रहे शामिल
इस महत्वपूर्ण शिष्टाचार मुलाकात के दौरान पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में अरविंद तिवारी, शिक्षाविद एस डी प्रसाद और सत्येंद्र प्रभात मुख्य रूप से शामिल थे.


