
उदित वाणी, रांची: मनी लॉन्ड्रिंग समेत पत्थर खनन से जुड़े मामलों में गिरफ्तार झामुमो नेता पंकज मिश्रा को प्रवर्तन निदेशालय ईडी की बिशेष अदालत ने एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ ही ईडी को छह दिनों के रिमांड पर लेने की अनुमति दी. वहीं ईडी द्वारा मंगलवार को पंकज मिश्रा को गिरफतार करने के बाद बुधवार को बिशेष न्यायाधीश प्रभात कुमार शर्मा की अदालत में पेश किया गया.
जहां ईडी ने बिशेष अदालत से पंकज मिश्रा को 14 दिनों की रिमांड मांगी. परन्तु अदालत द्वारा छह दिनों की ही रिमांड पर लेने की मंजूरी दी गई और ईडी द्वारा 21 जुलाई से पंकज मिश्रा को रिमांड पर लेकर पुछताछ की जायेगी. इससे पूर्व बुधवार को मिश्रा की न्यायिक हिरासत में एक रात होटवार जेल में कटेगी. बताया गया कि बीमार होने की वजह से उसे जेल अस्पताल में रखा गया है.
ईडी द्वारा मिश्रा को 26 जुलाई को फिर बिशेष अदालत में पेश किया जायेगा. ईडी ने पंकज मिश्रा को अपराहन 3.54 बजे ईडी कोर्ट में पेश किया गया और अदालत को जानकारी दी गई कि आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहा है. जबकि अवैध खनन के जरिये अर्जित की गई करोड़ों रूपयों को जायज करार देने के लिए अपनाये गये हथकंडों की जानकारियां आरोपी के पास है और आरोपी खुद भी इस मामले में शामिल है.
ईडी ने अदालत को यह भी बताया कि छापामारी के दौरान आरोपी व उसके सहयोगियों के ठिकाने से पांच करोड़ 34 लाख रुपये कैश बरामद किया गया है. छापामारी के बाद आरोपी व अन्य के 37 बैंक खातों में जमा 11.82 करोड़ रुपये भी जब्त किया गया है. इसके अलावा लगभग 100 करोड़ रूपये अवैध ढंग से अर्जित करने के सुराग मिले हैं.
इस राशि के श्रोतों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां आरोपी के पास है. अवैध खनन से अर्जित धन में कौन-कौन से लोग शामिल हैं. इस सिलसिले में आरोपी से और पूछताछ करने की जरूरत है.

