उदित वाणी, चांडिल: अनुमंडल के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-18 पर स्थित पितकी रेलवे फाटक के समीप रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक (जेएच 05 डीवाई 0607) चांडिल से पुरुलिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान करीब 10:30 बजे चिंगड़ीडीह निवासी कालिया गोप, जो साइकिल से राशन लेकर घर लौट रहे थे, ट्रक की चपेट में आ गए।
हादसे में घायल का दायां पैर ट्रक के अगले पहिये के नीचे आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया तथा एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की सूचना पर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन हादसे के समय उनकी अनुपस्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि पितकी फाटक पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ की लापरवाही पहले भी सामने आ चुकी है। इस संबंध में आरपीएफ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।


