उदित वाणी जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित निक्को पार्क वाटर पार्क में बुधवार को छेड़खानी की घटना को लेकर जमकर बवाल हो गया। जानकारी के अनुसार एक युवती अपने परिजनों के साथ वाटर पार्क घूमने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी शुरू कर दी। युवती और उसके परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की। घटना के बाद वाटर पार्क परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर जमशेदपुर पुलिस की बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में मोहित और कुणाल नामक और अन्य दो कुल चार युवकों को हिरासत में लिया है। थाना में पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि छेड़खानी करने वाले युवक नशे की हालत में थे। घटना को लेकर वाटर पार्क में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि जिस युवती के साथ छेड़खानी हुई है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।


