उदित वाणी जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने मंगलवार को खड़गपुर से घाटशिला तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल परिचालन, सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल ट्रैक, सिग्नल सिस्टम, यात्री सुविधाओं और चल रही परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस मौके पर खड़गपुर मंडल के डीआरएम ललित मोहन पांडेय समेत रेलवे मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
घाटशिला स्टेशन पहुंचने पर जीएम ने अमृत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण और आधुनिकीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म उन्नयन, यात्री प्रतीक्षालय, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद घाटशिला में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार चंद्र, सीपीआरओ ओम प्रकाश चरण, डीआरएम खड़गपुर ललित मोहन पांडेय और डीआरएम चक्रधरपुर तरुण हुरिया सहित कई अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में क्षेत्र की रेल परियोजनाओं, ट्रेनों के परिचालन, स्टेशन विकास और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद विद्युत वरण महतो ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों की समयबद्धता, बेहतर स्टेशन प्रबंधन और लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।
महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने कहा कि दक्षिण पूर्व रेलवे सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के माध्यम से स्टेशनों का तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। बैठक के बाद जीएम और सांसद ने संयुक्त रूप से प्रेस को संबोधित करते हुए रेलवे के विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की।


