उदित वाणी, जमशेदपुर : बकरीद से पहले कपाली के गौशनगर इलाके में कथित गौ तस्करी और अवैध कटाई की सूचना पर मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया. घटनास्थल पर पहुंचे गौ सेवकों और कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार, एक गौ सेवा संगठन को सूचना मिली थी कि गौशनगर स्थित एक कथित कसाईखाने में बड़ी संख्या में मवेशियों को रखा गया है. संगठन ने इसकी सूचना कपाली थाना पुलिस को दी. आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई में देरी हुई, जिसके बाद मामला वरीय अधिकारियों तक पहुंचाया गया.
बताया जाता है कि पुलिस टीम जब गौ सेवकों के साथ मौके पर पहुंची, तब तक कथित तौर पर वहां मौजूद पशुओं को दूसरी जगह भेज दिया गया था. इसको लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
इसी दौरान जांच और पूछताछ के बीच मौके पर भीड़ जमा हो गई. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो उठा. आरोप है कि भीड़ ने गौ सेवकों के साथ-साथ रिपोर्टिंग करने पहुंचे पत्रकारों को भी निशाना बनाया. धक्का-मुक्की और मारपीट के बीच एक वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.


