उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आरपीएफ ने विशेष जांच अभियान चलाते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों को कैंप कोर्ट में पेश किया गया, जहां जुर्माना अदा करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया.
आरपीएफ की कार्रवाई में महिला एवं दिव्यांग कोच में अनधिकृत रूप से सफर करने वाले यात्री, स्टेशन और ट्रेनों में बिना अनुमति खाद्य सामग्री बेचने वाले फेरीवाले तथा स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले लोग शामिल रहे. रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, टाटानगर के साथ-साथ आदित्यपुर और सीनी आरपीएफ पोस्ट की ओर से भी अलग-अलग कार्रवाई करते हुए रेलवे अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया. बाद में सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट में प्रस्तुत किया गया.
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्टेशन परिसर और ट्रेनों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी. अवैध वेंडिंग, आरक्षित कोचों में गलत तरीके से यात्रा करने और स्वच्छता नियम तोड़ने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है. आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे नियमों का पालन करें और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित रेल सेवा सुनिश्चित हो सके.

