उदित वाणी, रांची : झारखंड की राजधानी रांची के प्रतिष्ठित और चर्चित होटल कारोबारी परिवार से जुड़े युवा व्यवसायी लव भाटिया की गुरुवार की शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुरुआती पुलिस की तफ्तीश के अनुसार, लव भाटिया के जहर खाने की आशंका जताई जा रही है.
इस हाई-प्रोफाइल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लालपुर और हिंदपीढ़ी थाना पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर सघन जांच में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने और अचेत होने के बाद लव भाटिया को आनन-फानन में बेहद गंभीर हालत में लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ऑर्किड अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही लालपुर पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. इस दुखद और अप्रत्याशित घटना के बाद राजधानी के व्यावसायिक, सामाजिक और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है.
मौत के वास्तविक कारणों को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. लव भाटिया रांची के सुप्रसिद्ध एवं दिग्गज होटल कारोबारी आशीष भाटिया के पुत्र थे. भाटिया परिवार का झारखंड के हॉस्पिटैलिटी और फूड इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम है. यह प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार राजधानी के कई नामी प्रतिष्ठानों का संचालन करता है, जिनमें मेन रोड स्थित ऐतिहासिक ‘पंजाब स्वीट्स’, ‘होटल कैपिटल हिल’ और चर्च कॉम्प्लेक्स स्थित मशहूर ‘कावेरी रेस्टोरेंट’ शामिल हैं.
कावेरी रेस्टोरेंट की अन्य मुख्य शाखाएं सर्कुलर रोड, हरमू और कांके रोड जैसे वीआईपी इलाकों में भी संचालित होती हैं. लव भाटिया वर्तमान में सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट की पूरी कमान संभाल रहे थे और पारिवारिक बिजनेस में बेहद सक्रिय थे.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही मौत की सटीक वजह साफ हो सकेगी.
(आईएएनएस)


