उदित वाणी जमशेदपुर : एनएच-33 स्थित हिराचुनी के पास गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक बाइक दुर्घटना में दंपती घायल हो गए। बताया जाता है कि एमजीएम थाना क्षेत्र के गुरमा निवासी संदीप महतो अपनी पत्नी रेणुका महतो के साथ बाइक से जादूगोड़ा स्थित रंकिणी मंदिर पूजा करने गए थे।
मंदिर से लौटने के दौरान घर से कुछ दूरी पहले अचानक सड़क पर आई बिल्ली को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस की मदद से दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में संदीप महतो के पैर की हड्डी टूट गई है, जबकि उनकी पत्नी रेणुका महतो को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।


