उदित वाणी जमशेदपुर: लौहनगरी में आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी का जानलेवा असर दिखने लगा है. मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित ब्लू बेल्स स्कूल के समीप गुरुवार को लू (हीट स्ट्रोक) की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई. स्थानीय नागरिकों की तत्परता और सूचना पर पहुंची मानगो थाना पुलिस ने बेसुध युवक को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम (MGM) अस्पताल पहुंचाया, जहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पैदल चलने के दौरान अचानक सड़क पर गिरा
स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक अज्ञात युवक कहीं से पैदल आ रहा था. इसी दौरान डिमना रोड पर ब्लू बेल्स स्कूल के पास वह अत्यधिक गर्मी और डिहाइड्रेशन के कारण अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा.
दुकानदारों के प्रयास के बाद भी नहीं आया होश
युवक को सड़क पर गिरता देख आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए. लोगों ने राहत देने के उद्देश्य से युवक के चेहरे पर पानी के छीटें मारे और उसे होश में लाने के कई प्रयास किए. इसके बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और वह बेसुध होकर वहीं पड़ा रहा. स्थिति नाजुक देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत ‘इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम’ के तहत 112 नंबर डायल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी.
शव की शिनाख्त के प्रयास तेज, मोर्चरी में रखा गया शव
सूचना मिलते ही मानगो थाना के पुलिसकर्मी फौरन मौके पर पहुंचे और युवक को एमजीएम अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. मृतक युवक की पहचान अभी तक सुनिश्चित नहीं हो पाई है. पुलिस प्रशासन द्वारा उसकी शिनाख्त (पहचान) करने के लिए आसपास के इलाकों में प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल, कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृतक के शव को पहचान के लिए एमजीएम अस्पताल के मोर्चरी (शवगृह) में रखवा दिया गया है.


