उदित वाणी, जमशेदपुर : जिले में आगामी जनगणना कार्य के सफल, सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी कड़ी में पूरे जिले में नियुक्त किए गए प्रगणकों (इन्यूमरेटर्स) एवं पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर्स) के बीच आधिकारिक जनगणना किट का वितरण किया गया. इसी क्रम में नगर निकाय क्षेत्र के एक पर्यवेक्षक एवं चार प्रगणकों को खुद उपायुक्त (डीसी) श्री राजीव रंजन द्वारा किट प्रदान किया गया.
समयबद्धता और शत-प्रतिशत सटीकता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त
इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने सभी को जनगणना कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न करने का कड़ा निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें शत-प्रतिशत सटीकता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा त्रुटि किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी.
घर-घर जाकर सही जानकारी दर्ज करने का निर्देश
उपायुक्त ने फील्ड में तैनात होने वाले प्रगणकों को विशेष निर्देश दिया कि वे स्वयं घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार की समुचित एवं सही जानकारी संकलित करें तथा सभी महत्वपूर्ण विवरणों को सावधानीपूर्वक अपने दस्तावेजों में दर्ज करें. वहीं दूसरी ओर, उन्होंने पर्यवेक्षकों को संपूर्ण प्रक्रिया की नियमित रूप से मैदानी स्तर पर निगरानी (मॉनिटरिंग) करने एवं आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी.
भविष्य की योजनाओं के निर्माण में सहायक होंगे आंकड़े
समीक्षा और किट वितरण के दौरान उपायुक्त ने आंकड़ों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना से प्राप्त होने वाले आंकड़े भविष्य की सरकारी योजनाओं के निर्माण एवं विभिन्न विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे. यही कारण है कि इस कार्य में जुड़े हर एक कर्मी को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना आवश्यक है.


