उदित वाणी, रांची : माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व में, झारखंड सरकार ने राज्य के नवाचार (इन्नोवेशन) और उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है. झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (JIIDCO) ने राज्य में एक अत्याधुनिक इनक्यूबेशन सेंटर की स्थापना और वन-आधारित व सर्कुलर इकोनॉमी उद्यमों के व्यापक अध्ययन के लिए XLRI – जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं.
पेशेवर प्लेटफॉर्म से युवाओं को मिलेंगे अवसर: उद्योग सचिव अरवा राजकमल
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड सरकार के उद्योग विभाग के सचिव श्री अरवा राजकमल (IAS) ने की. अपने संबोधन में श्री राजकमल ने कहा कि यह पहल झारखंड में उद्यमिता, नवाचार और रोजगार सृजन के लिए एक जीवंत इकोसिस्टम बनाने के माननीय मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण को दर्शाती है. उन्होंने जोर देकर कहा कि XLRI के साथ यह साझेदारी स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने और इनोवेटिव आइडियाज को बड़े व्यवसायों में बदलने के लिए एक पेशेवर रूप से प्रबंधित संस्थागत मंच स्थापित करने में मदद करेगी, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और राज्य के युवाओं के लिए अवसर पैदा होंगे.
वन संसाधनों और कृषि क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं: अबूबकर सिद्दीख
झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग तथा कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव श्री अबूबकर सिद्दीख (IAS) ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. उन्होंने टिकाऊ आजीविका और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार उद्यमों को उत्पन्न करने के लिए झारखंड के वन संसाधनों, कृषि शक्तियों और सर्कुलर इकोनॉमी के अवसरों की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने उल्लेख किया कि प्रस्तावित अध्ययन से गैर-इमारती वन उपज (NTFP), कृषि-प्रसंस्करण, रीसाइक्लिंग और कचरे से कंचन (वेस्ट-टू-वेल्थ) पहलों पर आधारित मूल्य संवर्धन और उद्यमिता के नए रास्ते तलाशने में मदद मिलेगी.
इनक्यूबेशन सेंटर से स्टार्टअप्स को मिलेगी चौतरफा मदद
कार्यक्रम में XLRI का प्रतिनिधित्व अकादमिक डीन प्रो. संजय पात्रो, प्रो. रघुराम टाटा और प्रो. कल्याण भास्कर ने किया, जिन्होंने झारखंड सरकार को एक विश्व स्तरीय इनक्यूबेशन इकोसिस्टम तैयार करने और इसे संचालित करने में पूर्ण सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई. यह प्रस्तावित इनक्यूबेशन सेंटर स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, एंटरप्रेन्योरशिप ट्रेनिंग, इन्वेस्टर कनेक्ट, मार्केट एक्सेस और सीड फंडिंग सहित व्यापक सहायता प्रदान करेगा. इसे विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग), माइनिंग टेक्नोलॉजी, वन-आधारित उत्पाद, एग्रीबिजनेस, लॉजिस्टिक्स, क्लीन एनर्जी और सर्कुलर इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में उद्यमियों की मदद के लिए एक फ्लैगशिप संस्थान के रूप में देखा जा रहा है.
आत्मनिर्भर और समृद्ध झारखंड की ओर बढ़ते कदम
इनक्यूबेशन सेंटर के अलावा, XLRI पूरे झारखंड में वन-आधारित और सर्कुलर इकोनॉमी क्षेत्रों में उद्यम विकास के अवसरों की पहचान करने के लिए एक विस्तृत अध्ययन भी करेगा. यह सहयोग मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर और समृद्ध झारखंड के निर्माण तथा युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करने के दृष्टिकोण के अनुरूप है. इस एमओयू पर जीआईडीसी (JIIDCO) के एमडी श्री वरुण रंजन और झारखंड सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों तथा XLRI के संकाय सदस्यों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए.


