उदित वाणी, गढ़वा : पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि और बढ़ती महंगाई से त्रस्त होकर झारखंड के गढ़वा जिले में एक अनोखा नजारा देखने को मिला है. यहां सरकारी काम में लगे एक सहायक शिक्षक मुन्ना प्रसाद ने महंगाई का विरोध करने और खर्च बचाने के लिए एक अनोखा तरीका अख्तियार किया है. उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल को घर पर ही छोड़ दिया है और अब वह “घोड़ा” पर सवार होकर इस अभियान को पूरा कर रहे हैं.
धुरकी प्रखंड में घोड़े पर सवार होकर कर रहे जनगणना
यह पूरा मामला झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत धुरकी प्रखंड का है. यहां पदस्थापित सहायक शिक्षक मुन्ना प्रसाद वर्तमान में सरकार द्वारा चलाए जा रहे जनगणना अभियान से जुड़े काम में लगे हुए हैं. वह प्रतिदिन घोड़े की सवारी करते हुए गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकारी काम (जनगणना करने) के लिए निकल रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ तेजी से वायरल
जनगणना के काम के लिए घोड़े पर सवार होकर निकले सहायक शिक्षक मुन्ना प्रसाद का यह अंदाज स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है. राह चलते लोगों ने उनकी इस अनूठी सवारी का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग महंगाई के खिलाफ उनके इस मौन और अनोखे विरोध प्रदर्शन की काफी चर्चा कर रहे हैं.


