उदित वाणी, जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित जोन नंबर-6 में रविवार को किराए के मकान को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि मकान मालिक ने अपने ही किराएदार पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किराएदार को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घायल की पहचान जसबीर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविवार दोपहर जसबीर सिंह मकान मालिक संतोष सिंह से किसी बात को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि संतोष सिंह गुस्से में घर के भीतर गया और लोहे की रॉड लेकर बाहर आया। आरोप है कि उसने जसबीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में जसबीर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजन आरोपी मकान मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


