उदित वाणी, पाकुड़: शहर के कित्ताझोर मोहल्ला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है. यहाँ एक बेटे ने शराब के नशे में अपने ही 65 वर्षीय पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. मृतक की पहचान अनूप सरदार के रूप में हुई है.
विवाद के बाद हसुआ से किया हमला
जानकारी के अनुसार, आरोपी दिवाकर सरदार (40) मंगलवार देर रात अपने पिता अनूप सरदार के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि दिवाकर ने गुस्से में आकर घर में रखे हसुआ (धारदार हथियार) से पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही अनूप सरदार की मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिवाकर सरदार को गिरफ्तार कर लिया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है. नगर थाना के एसआई अश्लोक कुमार पांडे के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया आपसी विवाद और नशे में की गई हत्या का लग रहा है.
पुराना अपराधी और घरेलू हिंसा का इतिहास
मृतक के परिवार में तीन संतानें हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है और दिवाकर सबसे छोटा बेटा है. आरोपी के खुद के पांच बच्चे हैं. आरोपी की बेटी और मृतक की पोती, वर्षा सरदार ने अपने पिता के बारे में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. वर्षा ने बताया कि उसका पिता अक्सर शराब पीकर परिवार के साथ मारपीट करता था. उसने यह भी आरोप लगाया कि दिवाकर पहले अपनी पत्नी को भी जलाकर मारने की कोशिश कर चुका है. पूरा परिवार लंबे समय से उसकी घरेलू हिंसा से प्रताड़ित था. फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है.


