उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो थाना अंतर्गत चेपा पुल स्थित भारत लॉज में किराये पर रहने वाले नजर मोहम्मद पिछले तीन दिनों से रहस्यमय ढंग से लापता हैं। उनके अचानक गायब हो जाने से परिजनों और साथियों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। बताया जाता है कि नजर मोहम्मद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर के निवासी हैं और करीब दो से तीन वर्ष पहले रोजगार की तलाश में जमशेदपुर आए थे। यहां वे मोहल्लों और बाजारों में घूम-घूमकर महिलाओं के नकाब बेचने का काम करते थे और इसी से अपना जीवनयापन करते थे।
साथियों के अनुसार, नजर मोहम्मद बीते तीन दिनों से किसी के संपर्क में नहीं हैं। उनके मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। साथियों ने शहर के कई इलाकों में उनकी तलाश की, वहीं परिवार वालों से भी जानकारी ली गई, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। इधर, साथियों और परिचितों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि नजर मोहम्मद कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर 6398622952 पर संपर्क करें, ताकि उन्हें सकुशल खोजा जा सके।


