उदित वानी सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ मंगलवार से ‘विशेष सघन सफाई अभियान’ का शुभारंभ हुआ। वार्ड संख्या-1 स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम रोड से शुरू हुए इस अभियान का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अभिनव प्रकाश और नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया.
हर वार्ड में 2 दिन तक चलेगा विशेष सफाई अभियान
यह अभियान नगर पंचायत की प्रथम बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर शुरू किया गया है. 22 दिनों तक चलने वाला यह कार्यक्रम 12 मई 2026 से 6 जून 2026 तक संचालित होगा. इसके तहत प्रत्येक वार्ड में दो-दो दिनों तक नालियों की सफाई, कचरा निष्पादन, सड़कों के किनारे से मिट्टी हटाने और झाड़ियों की कटाई का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा.
लापरवाही बरतने वालों पर लगेगा जुर्माना: SDO
शुभारंभ के अवसर पर SDO अभिनव प्रकाश ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़कों पर कचरा फेंकने और दुकानों के बाहर डस्टबिन नहीं रखने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा.
जनभागीदारी से बनेगा ‘स्वच्छ सरायकेला — सुंदर सरायकेला’
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि वर्तमान बोर्ड सरायकेला को एक आदर्श शहर बनाने के लिए कृतसंकल्पित है. उन्होंने इसे एक जनआंदोलन बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ वातावरण देना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने सफाई कर्मियों के सहयोग और सम्मान की भी अपील की.
इन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
अभियान के दौरान वार्ड पार्षद उत्तम महंती, सुषमा तियु, गौतम नायक, विक्रम मोदक, शांति गोड़सेरा, नगर प्रबंधक सुमित सुमन, एमएसडब्ल्यू कर्मी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मी उपस्थित थे. सभी ने मिलकर “स्वच्छ सरायकेला — सुंदर सरायकेला” का संकल्प लिया.


