उदित वाणी, जमशेदपुर: करनडीह स्थित (LBSM College) के एनसीसी कैडेट शिव शंकर देवगम ने कॉलेज का मान बढ़ाया है। उनका चयन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आयोजित होने वाले ‘विशेष एडवेंचर राष्ट्रीय शिविर’ के लिए किया गया है। यह गौरवशाली शिविर 17 मई से 28 मई 2026 तक आयोजित होगा।
कठिन चयन परीक्षाओं में मिली सफलता
शिव शंकर देवगम एलबीएसएम कॉलेज में UG सेमेस्टर-2 के छात्र हैं। राष्ट्रीय शिविर तक पहुँचने के लिए उन्होंने सभी कठिन शारीरिक और अन्य चयन परीक्षाओं को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया। शिव शंकर धर्मा देवगम के पुत्र हैं और वे राजनगर प्रखंड के रावणकोचा गांव के निवासी हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होना उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है।
प्राचार्य ने दी शुभकामनाएं: कॉलेज के लिए गर्व का क्षण
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने शिव शंकर देवगम को इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज और इसकी एनसीसी इकाई के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कैडेट को पहलगाम शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कैडेट के सम्मान में आयोजित इस अवसर पर डॉ. मौसमी पॉल, डॉ. विनय कुमार गुप्ता एवं एनसीसी पदाधिकारी डॉ. विकाश मुंडा मुख्य रूप से उपस्थित थे। सभी शिक्षकों और पदाधिकारियों ने शिव शंकर को राष्ट्रीय शिविर के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


