उदित वाणी, आदित्यपुर: आदित्यपुर-2 स्थित इच्छापुर बस्ती की दो प्रमुख सोसायटियों, सहारा गार्डन सिटी और आदित्या सिंडिकेट, में पाइपलाइन बिछाने का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। लगातार प्रयासों के बावजूद इन कॉलोनियों को सीतारामपुर डैम के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नहीं जोड़ा गया है, जिसके कारण भीषण गर्मी के बीच यहां के हजारों निवासियों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
सोसायटी प्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद भी परिणाम शून्य
उल्लेखनीय है कि इस कार्य को धरातल पर उतारने के लिए सहारा गार्डन सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष शशांक कुमार गांगूली, राजीव रंजन और उनकी टीम के साथ-साथ सिंडिकेट सोसाइटी के अध्यक्ष राजीव रंजन सिन्हा, मदन सिन्हा और यू के सिंह द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रतिनिधियों ने पूर्व में नगर निगम के प्रशासक, महापौर और उप महापौर से मुलाकात कर उन्हें गर्मी के दिनों में होने वाली गंभीर जल समस्या से अवगत कराया था।
नियमित टैक्स भुगतान के बावजूद सुविधाओं का अभाव
दोनों सोसायटियों के निवासियों का कहना है कि वे नगर निगम को नियमित रूप से होल्डिंग टैक्स का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद, बुनियादी सुविधाओं के नाम पर उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है। निवासियों का तर्क है कि जब वे नागरिक कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं, तो पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित कराना निगम की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जन कल्याण मोर्चा ने सरकार और प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
जलापूर्ति की मांग को लेकर जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश भी सक्रिय हैं। उन्होंने इस मामले में नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव, आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक और सरायकेला-खरसावाँ जिला के उपायुक्त को औपचारिक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि जनहित को देखते हुए पाइपलाइन बिछाने के कार्य को अविलंब शुरू किया जाए।


