उदित वाणी, जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में उस वक्त मातम छा गया, जब लापता युवक बुद्धनाथ बेसरा (18 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल में पेड़ से लटका पाया गया। मृतक सुनील बेसरा का पुत्र था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
शनिवार से लापता था युवक
परिजनों के अनुसार, बुद्धनाथ बेसरा शनिवार शाम करीब 4 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी रविवार को गांव से करीब 2-2.5 किलोमीटर दूर दुबला टुंगरी जंगल में उसका शव मिलने की सूचना मिली।
गंजी और टी-शर्ट का बनाया फंदा
जंगल में झाड़ियों के बीच एक जंगली करंज के पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी गंजी और टी-शर्ट को आपस में जोड़कर फंदा बनाया और उसे पेड़ से लटका लिया। ग्रामीणों ने शव को पेड़ से उतारकर घर पहुँचाया, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
मानसिक रूप से अस्वस्थ था बुद्धनाथ
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुद्धनाथ बेसरा पिछले काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसका इलाज रांची के कांके और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में ब्रेन संबंधी बीमारी के लिए चल रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की चप्पल और फंदे के रूप में इस्तेमाल किए गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।
पुलिस जांच जारी
बोड़ाम थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।


