उदित वाणी, जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। धतकीडीह में होटल संचालक पर फायरिंग की घटना अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए जेआरडी स्टेडियम गेट नंबर-2 के पास चेन लूट की वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना मंगलवार की बताई जा रही है, जबकि बुधवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के न्यू लेआउट निवासी रिंकू ओझा को निशाना बनाया। रिंकू किसी निजी काम से स्टेडियम की ओर गए थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
पीड़ित के मुताबिक अपराधियों ने पहले उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट छीनने की कोशिश की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट की कोशिश की। इसके बाद अपराधी जबरन चेन और लॉकेट छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान में जुटी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।लगातार हो रही वारदातों से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।


