उदित वाणी, जमशेदपुर : शादी के महज एक सप्ताह बाद ही एक नवविवाहित दंपत्ति का ट्रेन सफर दर्दनाक अनुभव में बदल गया. बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22844) के थर्ड एसी कोच (बी5) में सफर कर रहे दंपत्ति का गहनों से भरा बैग रहस्यमय ढंग से गायब हो गया. टाटानगर पहुंचने पर मामला जीआरपी थाने तक पहुंचा, जहां शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
पीड़ित दंपत्ति दानापुर निवासी स्वराज सुमन और उनकी पत्नी ऋचा कुमारी हैं. दोनों अपनी शादी के बाद पहली बार परिवारिक समारोह में शामिल होने जमशेदपुर आ रहे थे. जानकारी के मुताबिक, ऋचा के फुफेरे भाई की शादी गोलमुरी में तय थी, जिसके लिए वे उत्साह के साथ यात्रा पर निकले थे. लेकिन यह सफर उनके लिए सदमे में बदल गया.
दंपत्ति के अनुसार, घटना मोकामा स्टेशन के आसपास रात के दौरान हुई. सुबह करीब 5 बजे जब उनकी नींद खुली, तो सीट के पास रखा गहनों से भरा बैग गायब था. बैग में करीब 30 लाख रुपये के आभूषण होने की बात कही जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई. तत्काल आरपीएफ ने जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया.
टाटानगर पहुंचने के बाद दंपत्ति ने जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है. ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की जा रही है, वहीं मोकामा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे इस दंपत्ति के लिए यह घटना गहरे सदमे का कारण बन गई है.


