उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सनसनीखेज चेन छिनतई की घटना सामने आई है. जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के पास कोविड वॉरियर पार्क के सामने करीब 7 बजे स्कूटी सवार महिला को निशाना बनाते हुए बाइक सवार अपराधियों ने चेन छीनने की कोशिश की. विरोध करने पर बदमाशों ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
घटना के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के एग्रिको निवासी 34 वर्षीय रिंकू ओझा अपनी सहेली लक्ष्मी के घर जा रही थीं. तभी हेलमेट पहने दो युवकों ने उनकी स्कूटी के पास आकर गले की चेन झपट ली. रिंकू ने साहस दिखाते हुए चेन पकड़ ली, जिससे कुछ देर तक छीना-झपटी होती रही. हालात बिगड़ते देख पीछे बैठे बदमाश ने स्कूटी पर जोरदार लात मारी, जिससे रिंकू असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं.
गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. हाथ और चेहरे पर भी चोटें आईं तथा वह बेहोश हो गईं. पीछे से आ रहे वाहन चालकों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया और उनके मोबाइल से आखिरी कॉल पर बात करने वाली सहेली को सूचना दी.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.


