उदित वाणी जमशेदपुर : भीषण गर्मी के बीच शहर और ग्रामीण इलाकों में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन रेस हो गया है. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के किसी भी हिस्से में पानी के लिए हाहाकार नहीं मचना चाहिए और वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी जलमीनार की टंकियों की सफाई अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए.
मानगो और बागबेड़ा में जलापूर्ति पर विशेष नजर
बैठक में उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों, विशेषकर मानगो और बागबेड़ा में पेयजल की स्थिति की गहन समीक्षा की. उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ड्राई जोन (Dry Zone) की अद्यतन सूची कार्यालय को सौंपें और जिन क्षेत्रों में जलस्तर नीचे चला गया है, वहां टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करें.
शिकायतों पर एक्शन: 833 में से 755 शिकायतों का निपटारा
कार्यपालक अभियंता ने बैठक में बताया कि पिछले एक महीने में ‘झारजल’ पोर्टल, सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से कुल 833 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 755 का निष्पादन कर दिया गया है. उपायुक्त ने शेष शिकायतों को भी तत्काल दूर करने और चापाकल मरम्मत के लिए तैनात ‘गैंगों’ को सक्रिय रहने का आदेश दिया.
आवास के साथ शौचालय अनिवार्य, 529 नए शौचालय का लक्ष्य
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और अबुआ आवास योजना की समीक्षा करते हुए कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि आवास निर्माण के साथ-साथ शौचालय का निर्माण भी साथ-साथ पूर्ण होना चाहिए. इस पर कार्यपालक अभियंता ने चालू माह में 529 नए शौचालय निर्माण का काम पूरा करने का आश्वासन दिया.
मार्च 2027 तक जिले के सभी 1640 गांव बनेंगे ‘मॉडल विलेज’
जिले को स्वच्छ बनाने के लक्ष्य पर चर्चा करते हुए बताया गया कि 1640 में से 357 गांवों को मॉडल विलेज के रूप में विकसित कर लिया गया है. शेष गांवों को मार्च 2027 तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है. मॉडल विलेज के लिए छह प्रमुख घटकों पर काम किया जा रहा है:
ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन
शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण और उपयोग
स्वच्छ पेयजल और माहवारी स्वच्छता प्रबंधन
जनजागरूकता और व्यवहार परिवर्तन
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, कार्यपालक अभियंता श्री सुनील कुमार एवं सुमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.


