उदित वाणी,जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत स्ट्रेट माइल रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने कंपनी क्वार्टर संख्या एल 4/98 में रविवार को गैस सिलेंडर से लीकेज होने के कारण अचानक भीषण आग लग गई। घटना उस समय हुई जब घर के किचन में खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। देखते ही देखते आग ने रसोईघर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और धीरे-धीरे घर के अन्य हिस्सों तक फैलने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद टाटा स्टील की एक दमकल और झारखंड फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
परिजनों के अनुसार, इस आगजनी में घर के फर्नीचर, कपड़े, घरेलू सामान सहित कई जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। अनुमानित रूप से करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर लीकेज को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा आसपास के क्वार्टर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।


