
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी ने एक मई को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एफसी गोवा के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मैच की तैयारियां तेज कर दी हैं. टीम हाल की शानदार जीत का मोमेंटम बनाए रखते हुए जोरदार ट्रेनिंग कर रही है.‘मेन ऑफ स्टील’ चेन्नईयन एफसी के खिलाफ ‘द फर्नेस’में मिली धमाकेदार 4-1 की जीत के बाद आत्मविश्वास से लबरेज हैं. उस मैच में मोहम्मद सनन ने दो गोल किए, जबकि मेस्सी बौली और निकोला ने एक-एक गोल दागा. टीम ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा और कई मौके भी बनाए.
मेहनत कर रहे हैं खिलाड़ी
इस जीत के बाद खिलाड़ी ट्रेनिंग ग्राउंड पर वापस लौट आए हैं और नई ऊर्जा के साथ गोवा के खिलाफ मैच के लिए अपनी रणनीति पर काम कर रहे हैं. मुख्य कोच ओवेन कायल ने कहा, “खिलाड़ी ट्रेनिंग में बहुत मेहनत कर रहे हैं. हमें अगले मैच के महत्व का पता है और हम जानते हैं कि किस स्तर का प्रदर्शन करना होगा. फोकस बनाए रखना, सही तैयारी करना और मैच में वही इंटेंसिटी लाना जरूरी है.”
गोवा से केवल एक अंक कम
लीग टेबल में रोमांचक मुकाबला चल रहा है. जमशेदपुर एफसी वर्तमान में चौथे स्थान पर है और लीडर मोहन बागान से सिर्फ दो अंक पीछे है, जबकि दूसरे स्थान पर मौजूद एफसी गोवा से केवल एक अंक कम है. ऐसे में गोवा के खिलाफ यह मुकाबला जमशेदपुर एफसी की महत्वाकांक्षाओं के लिए काफी अहम साबित हो सकता है. मैच के टिकट District by Zomato ऐप से खरीदे जा सकते हैं.

