
उदित वाणी, आदित्यपुर: भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच आदित्यपुर के ब्राह्मण टोला बस्ती स्थित उत्क्रमित ओड़िया मध्य विद्यालय में पानी की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। विद्यालय में पानी की किल्लत के कारण न केवल छात्र-छात्राओं को, बल्कि शिक्षकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
600 छात्र-छात्राओं के सामने पानी की चुनौती
मिली जानकारी के अनुसार, इस विद्यालय में लगभग 600 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। विद्यालय में पानी का कनेक्शन तो उपलब्ध है, लेकिन पाइपलाइन में प्रेशर बेहद कम होने के कारण पानी की आपूर्ति अनिश्चित रहती है। कभी पानी आता है, तो कभी घंटों इंतज़ार के बाद भी नल सूखे रहते हैं। इस भीषण गर्मी में बिना पानी के बच्चों का स्कूल में बैठना दूभर हो गया है।
डीसी को पत्र लिखकर बोरिंग कराने की मांग
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश सचिव मनोज पासवान ने विद्यालय की इस गंभीर स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जिला उपायुक्त (DC) को निबंधित डाक के माध्यम से पत्र भेजकर विद्यालय परिसर में अविलंब बोरिंग कराने की मांग की है।
श्री पासवान ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और पठन-पाठन की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन को इस समस्या पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए और स्थायी समाधान के रूप में डीप बोरिंग की व्यवस्था करानी चाहिए।

