
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी घाघीडीह पंचायत के बेड़ाडीपा क्षेत्र में विद्युत विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तत्परता से बिजली की बड़ी समस्या का त्वरित समाधान किया गया। बीती रात ट्रांसफॉर्मर जलने से उपजे अंधकार को कुछ ही घंटों के भीतर दूर कर दिया गया।
शीतला मंदिर परिसर के समीप जला था ट्रांसफॉर्मर
बीती रात बेड़ाडीपा शीतला मंदिर परिसर के पास स्थित ट्रांसफॉर्मर अचानक जल गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और ग्रामीणों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी और सहायक अभियंता से नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की।
सामूहिक प्रयास से कुछ ही घंटों में बिजली बहाल
ग्रामीणों की सजगता और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। आज सुबह ही नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर दिया गया। बिजली बहाल होने के बाद एक संक्षिप्त उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें मुखिया भरत जोड़ा, मनोज पात्रो, प्रभा हांसदा और रजनी देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जनसेवा ही हमारी प्राथमिकता: मानिक मलिक
‘सेवा ही लक्ष्य’ संस्था के अध्यक्ष मानिक मलिक ने इस अवसर पर कहा कि रात में ट्रांसफॉर्मर जलने से ग्रामीणों को काफी असुविधा हुई, लेकिन सामूहिक प्रयासों और विभाग की तेजी के कारण सुबह तक समाधान निकाल लिया गया। उन्होंने दोहराया कि जनता की बुनियादी समस्याओं का त्वरित समाधान ही उनकी प्राथमिकता है और वे भविष्य में भी जनसेवा के लिए सक्रिय रहेंगे।

