
उदित वाणी, जमशेदपुर: लौहनगरी में बढ़ती गर्मी के साथ ही रक्त की मांग में भारी उछाल आया है। जमशेदपुर के सुप्रसिद्ध ‘ट्राइबल ब्लड मैन’ राजेश मार्डी ने शहरवासियों से इस कठिन समय में एकजुट होने और नियमित रूप से रक्तदान करने की भावुक अपील की है।
ब्लड सेंटर में स्टॉक की कमी पर चिंता
राजेश मार्डी ने बताया कि वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण जमशेदपुर ब्लड सेंटर में रक्त की खपत काफी बढ़ गई है। स्थिति यह है कि कई बार ब्लड बैंक का स्टॉक शून्य हो जाता है। स्टॉक खत्म होने की वजह से मरीजों और उनके परिजनों को समय पर रक्त प्राप्त करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रक्तदान से बच सकती है कई जानें
अक्सर देखा जाता है कि गर्मियों की छुट्टियों और तेज धूप के कारण रक्तदान शिविरों में कमी आ जाती है, जिससे सप्लाई बाधित होती है। राजेश मार्डी ने जोर देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में भी रक्तदान करना पूरी तरह सुरक्षित है और यह समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने युवाओं और सामाजिक संस्थाओं से आगे आकर रक्तदान करने का आग्रह किया है ताकि किसी भी मरीज की जान रक्त के अभाव में न जाए।

