
उदित वाणी जमशेदपुर : बर्मामाइंस स्थित लकड़ी टाल क्षेत्र में मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस कार्रवाई में रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग, रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ), जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी और बर्मामाइंस थाना की पुलिस टीम संयुक्त रूप से मौजूद रही। हालांकि सुरक्षा बल के जवानों के समय पर नहीं पहुंचने के कारण अभियान करीब डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हुआ।

कार्रवाई शुरू होते ही वर्षों से रेलवे की जमीन पर रह रहे लोगों ने विरोध जताया। कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण बन गई और स्थानीय लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लेकिन अधिकारियों द्वारा समझाइश देने और प्रस्तावित विकास योजनाओं की जानकारी साझा करने के बाद माहौल धीरे-धीरे शांत हो गया। कई लोगों ने स्वेच्छा से जगह खाली करने का भरोसा भी दिया।
बुलडोज़र का प्रहार: गोदाम और मकान ध्वस्त
इसके बावजूद रेलवे प्रशासन ने अपने सख्त रुख को बरकरार रखा और बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई जारी रखी। अभियान के दौरान दो गोदाम और एक मकान को बुलडोज़र से ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रेलवे की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई भविष्य में प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए जमीन को खाली कराने की दिशा में की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि रेलवे संपत्ति सुरक्षित रहे और विकास कार्यों में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

