
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सख्ती का असर अब साफ दिखने लगा है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में देर रात चलाए गए औचक जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पकड़ा गया युवक मुन्ना वर्मा उर्फ सन्नी वर्मा (30) है, जो बागुनहातु रोड नंबर-5 का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, विद्यापति डीवीसी पावर ग्रिड के पास 27 अप्रैल की रात गश्ती के दौरान जवानों की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं। पूछताछ के दौरान युवक घबराया हुआ दिखा, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। तत्पश्चात उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक देसी पिस्तौल और लोहे का मैगजीन बरामद हुआ।
नवनियुक्त सिटी एसपी ललित मीना ने बताया कि शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्ती के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। उसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी पोटका थाना क्षेत्र में आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को पुलिस की सतर्कता और सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

