
उदित वाणी, चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना अंतर्गत तांतनगर ओपी क्षेत्र के कासिया गांव में एक शख्स ने अपनी 65 वर्षीय भाभी पार्वती भूमिज की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी की पहचान दुलाई भूमिज के रूप में हुई है, जिसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह कुछ दिन पहले ही एक मामले में जेल की सजा काटकर रिहा हुआ था.
जानकारी के अनुसार, पार्वती भूमिज का शव सोमवार को उसके कमरे में पाया गया. शुरुआत में इसे प्राकृतिक मौत माना गया, लेकिन जब अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान मृतका की गर्दन और गाल पर चोट के गहरे निशान दिखे तो परिवार को हत्या का शक हुआ.
इसके बाद ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई और सर्वसम्मति से पुलिस को सूचना दी गई. तांतनगर ओपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और संदेह के आधार पर मृतका के देवर, दुलाई भूमिज, को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. आरोपी दुलाई भूमिज का इतिहास बेहद हिंसक रहा है.
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2011 में उसने अपनी पत्नी इंद्रावती भूमिज की मसाला पीसने वाले लोढ़े (पत्थर) से वार कर हत्या कर दी थी. उस मामले में उसे 13 साल की उम्रकैद की सजा हुई थी. हाल ही में जेल से रिहा होकर वह गांव लौटा था और अब उसने अपनी भाभी को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी. आरोपी से पूछताछ जारी है.
(आईएएनएस)

