
उदित वाणी, जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में रविवार देर शाम एक हृदयविदारक घटना घटी। स्कूटी की चाबी को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
चाबी नहीं मिलने पर कमरे में खुद को किया बंद
मृतका की पहचान वैष्णवी जायसवाल के रूप में हुई है, जो बिष्टुपुर स्थित एक कोचिंग संस्थान की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार, घटना के समय वैष्णवी के माता-पिता मंदिर गए हुए थे और घर पर केवल उसका छोटा भाई मौजूद था। बताया जा रहा है कि वैष्णवी ने अपने भाई से स्कूटी की चाबी मांगी थी, लेकिन चाबी नहीं मिलने पर वह नाराज हो गई और गुस्से में अपने कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
दरवाजा तोड़कर घुसे परिजन, फंदे से लटकी मिली किशोरी
काफी देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर भाई ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने तुरंत अपने माता-पिता को सूचित किया। घर पहुंचे परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से जब कमरा तोड़ा, तो अंदर का दृश्य देख सबके होश उड़ गए। वैष्णवी फंदे से लटकी हुई पाई गई।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही जुगसलाई पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। सोमवार को एमजीएम अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके।
