
उदित वाणी सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क निर्माण को लेकर एक अहम पहल सामने आई है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि बास्को बेसरा के आग्रह पर सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी ने झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग को पत्र लिखकर सड़क निर्माण योजना को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया है।
दिनांक 26 अप्रैल 2026 को जारी इस पत्र में सांसद ने गम्हरिया विक्को मोड़ से मीरुडीह (सिद्धू-कान्हू चौक) तक सड़क निर्माण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का मुख्य साधन है। इसके निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। सांसद ने अपने पत्र में इस योजना को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है, जिससे स्थानीय जनता को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। इस पहल से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि सरकार जल्द ही इस प्रस्ताव को मंजूरी देकर निर्माण कार्य शुरू करेगी।

