
उदित वाणी, जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रनिंग रूम के पास अज्ञात अपराधियों ने एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान ज्ञानेंद्र कुमार गौतम के रूप में हुई है, जो सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात लगभग 12 बजे की है, जब ज्ञानेंद्र कुमार गौतम ड्यूटी के सिलसिले में रेलवे लॉबी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले में गोली सीधे उनके सीने में लगी, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गोलियां लगने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिटी एसपी सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बागबेड़ा की ओर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
इस हत्या की घटना ने रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

