
उदित वाणी, रांची: कोल्हान व रांची समेत राज्य के कई जिलों में 26 अप्रैल से भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा 26, 27 और 28 अप्रैल को कई जिलों में गर्जन के साथ ओलावृष्टि, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को प्रचंड गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसवां, रांची ,गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा, गुमला व सिमडेगा जिलों में कहीं-कहीं तेज आंधी चलने की संभावना है।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और मेघ गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने भी लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

