
उदित वाणी, रांची: राजस्थान के नीमराना [कोटपूतली-बहरोड़] में अवैध कबाड़ गोदाम में आग लगने से शुक्रवार शाम करीब छह बजे झारखंड के 4 लोग जिंदा जल गए। इसमें दो मासूम भी हैं। वहीं हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलसी है। जबकि दो लोगों के बारे में जानकारी नहीं मिल पायी है।
शवों की भी पहचान अभी नहीं हो पाई है। टेस्ट के जरिए शवों की पहचान की जायेगी। बताया गया कि यह हादसा परफ्यूम की बोतल से निकले केमिकल में आग लगने से हुआ। गोदाम में रखे केमिकल ड्रमों में भी ब्लास्ट हुआ था। पुलिस के अनुसार गोदाम कृषि भूमि पर बना हुआ है।
जिसे कबाड़ का काम करने वाले करण सिंह पुत्र मामन सिंह कोलीला ने किराये पर ले रखा था। शुक्रवार शाम को मजदूर कबाड़ में मिली कुछ परफ्यूम की बोतलें तोड़ रहे थे। इसमें से स्पिरिट जैसा ज्वलनशील केमिकल निकल रहा था। इसी दौरान वहां कबाड़ लोड करने आए एक पिकअप गाड़ी के ड्राइवर ने बीड़ी जलाकर जलती तीली फेंक दी। जिससे केमिकल ने आग पकड़ ली।

