
उदित वाणी, रांची: राज्य के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में अग्नि सुरक्षा सप्ताह 4 से 10 मई तक मनाने और तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्देश दिया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने गर्मी को ध्यान में रखते हुए जारी एक महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश में राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने संस्थानों में तत्काल प्रभाव से फायर सेफ्टी ऑडिट सुनिश्चित करें।
विद्युत भार बढ़ने से होने वाले शॉर्ट सर्किट की रोकथाम के लिए समय-समय पर निरीक्षण अनिवार्य रूप से करायें। अभियान निदेशक ने सभी अस्पतालों को अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने और विद्युत सुरक्षा के मानकों का सख्ती से पालन करने का भी निर्देश दिया है।
उन्होंने सुरक्षा मानकों के गैप को दूर करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिया है। सभी संस्थानों को अपनी गतिविधियों, फोटो और फायर सेफ्टी असेसमेंट रिपोर्ट को स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक पोर्टल और ईमेल पर 11 मई तक अनिवार्य रूप से भेजने का निर्देश दिया गया है। कहा गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी सुरक्षा उपायों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

