
उदित वाणी, जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपना मैरेज हॉल के समीप शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बारात की खुशियों के बीच अचानक एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारात के दौरान हो रही आतिशबाजी की चिंगारी सड़क किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो पर जा गिरी, जिससे वाहन में अचानक आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाराती धूमधाम से पटाखे जला रहे थे, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसी लापरवाही का नतीजा रहा कि चिंगारी सीधे गाड़ी पर गिरी और देखते ही देखते स्कॉर्पियो धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें उठते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और बारातियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। बाल्टियों से पानी डालकर और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या जश्न के नाम पर लापरवाही जायज है? यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो परिणाम और भी भयावह हो सकते थे।

