
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील के स्पोर्ट्स डिवीजन ने बहुप्रतीक्षित समर कैंप 2026 की घोषणा कर दी है. यह कैंप 11 मई से 31 मई तक जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा. जेआरडी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में टाटा स्टील के वाइस प्रेसीडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी बी सुंदर रामम और खेल प्रमुख मुकुल चौधरी ने कहा कि कंपनी की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए यह कैंप शहर के बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतरीन अवसर देगा. पिछले वर्ष जमशेदपुर में आयोजित कैंप में 2,995 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार यह संख्या 3,500 के पार जाने की उम्मीद है.
समावेशी कैंप
इस वर्ष का कैंप विशेष रूप से समावेशी बनाया गया है. इसमें 40 दिव्यांग बच्चे और करीब 60 बच्चे ‘मस्ती की पाठशाला’ से भी शामिल होंगे. कैंप में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, फुटबॉल, वॉलीबॉल, तैराकी, योग, जुम्बा, कराटे, बॉक्सिंग, शतरंज, घुड़सवारी, रोलर स्केटिंग और बास्केटबॉल सहित 19 खेलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा. इस बार बच्चों के लिए 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग में रोल बॉल स्केटिंग कार्यक्रम जारी रहेगा, वहीं सभी आयु वर्ग के लिए तेजी से लोकप्रिय हो रहे पिकल बॉल को भी शामिल किया गया है. इसके अलावा वयस्कों के लिए सेल्फ डिफेंस, फिटनेस और वेट लॉस से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होंगे.
पैरेन्ट्स के लिए भी मनोरंजक गतिविधियां
कैंप को पारिवारिक अनुभव बनाने के लिए अभिभावकों के लिए भी मनोरंजक गतिविधियां रखी गई हैं. सभी कोच और प्रशिक्षकों को पोश और नैतिक दिशानिर्देशों के तहत प्रशिक्षित किया गया है, ताकि प्रतिभागियों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिल सके. खेल पोषण और हाइड्रेशन पर विशेषज्ञ सत्र के लिए इन-हाउस न्यूट्रिशनिस्ट भी मौजूद रहेंगे. साथ ही Leading You(n)th द्वारा विभिन्न आयु वर्ग के लिए विशेष वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी.
खेल आधारित लर्निंग
6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित लर्निंग, रचनात्मकता और टीमवर्क पर फोकस किया जाएगा, जबकि 13 से 19 वर्ष के किशोरों के लिए नेतृत्व, दबाव में प्रदर्शन, संचार और व्यक्तित्व विकास पर सत्र होंगे. टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी बी सुंदर रामम ने कहा कि खेल बच्चों के चरित्र निर्माण, अनुशासन और टीम भावना को विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने जमशेदपुरवासियों के सहयोग और खेलों के प्रति उनके उत्साह के लिए आभार जताया और कहा कि इस बार का कैंप पहले से अधिक आकर्षक और प्रभावी होगा.

