
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर में रविवार को आयोजित होने वाली झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा के सुचारू संचालन और अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए शहर की यातायात व्यवस्था में अहम बदलाव किए गए हैं। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, रविवार दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक शहर में बसों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर “नो एंट्री” लागू रहेगी, ताकि परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बने और परीक्षार्थियों को समय पर पहुंचने में कोई परेशानी न हो। यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश ट्रैफिक डीएसपी, एसएसपी और उपायुक्त के संयुक्त निर्देश पर जारी किया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और सहयोग बनाए रखें, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

