
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील प्लांट परिसर में सुरक्षा टीम की मुस्तैदी से शुक्रवार तड़के एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई। जानकारी के अनुसार करीब 1 बजे सकची स्थित केबल गैलरी के रास्ते तीन युवक प्लांट में घुसने का प्रयास कर रहे थे। संदेह होने पर सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 75 किलो तांबे का केबल बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकाश चिन्ना (ओल्ड सीतारामडेरा), दीपक लोहार (बिरसानगर रोड नंबर 7) और अविनाश मुखी (केबल टाउन बस्ती रोड नंबर 5) के रूप में हुई है। तीनों से पूछताछ जारी है।
प्राथमिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि चोरी के इस प्रयास के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

