
उदित वाणी, जमशेदपुर/उलीडीह: लौहनगरी के उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत डिमना रोड पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई. एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता शशि भूषण को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार उन्हें करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है.
दिल्ली से लौटे थे, घर के बाहर ही काल ने झपटा
मृतक की पहचान डिमना रोड, सुभाष कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय शशि भूषण के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि शशि भूषण गुरुवार सुबह ही दिल्ली से वापस जमशेदपुर लौटे थे. घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद वे किसी काम से बाहर निकले थे, तभी माउंट व्यू स्कूल के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
चालक की पिटाई, फिर भीड़ का फायदा उठाकर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भाग रहे कार चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी. हालांकि, मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर चालक भागने में सफल रहा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिवक्ता को एमजीएम अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
उलीडीह पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वाहन के विवरण के आधार पर जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा.

