
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिरसानगर जोन नंबर-3 में सोमवार देर रात हुई चोरी की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। अज्ञात चोरों ने रात करीब एक बजे सुरेश गोप के घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, तीन की संख्या में आए अपराधियों ने घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया और करीब दो लाख रुपये के गहनों के साथ 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना के वक्त परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन चोरों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब परिवार को चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
पीड़ित परिवार के बयान और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इलाके में सक्रिय संदिग्धों और पहले चोरी के मामलों में शामिल रहे लोगों की तलाश तेज कर दी है। इसी कार्रवाई के तहत दो युवकों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

