
उदित वाणी,जमशेदपुर: लौहनगरी के जुगसलाई क्षेत्र की पहचान अब केवल थोक बाजार तक सीमित नहीं रहेगी। पीएम मॉल की तर्ज पर अब जुगसलाई में भी एक मेगा मॉल और थियेटर का निर्माण किया जा रहा है। टाटानगर गौशाला द्वारा करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस मॉल से क्षेत्र की सूरत बदलने वाली है।
25 हजार स्क्वॉयर फीट में फैला जुगसलाई का सबसे बड़ा मॉल
यह मॉल कुल 25 हजार स्क्वॉयर फीट भू-भाग में बन रहा है। निर्माण योजना के अनुसार, इसमें 20 हजार स्क्वॉयर फीट का बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर होगा, जबकि ऊपर के तीन फ्लोर 18-18 हजार स्क्वॉयर फीट के होंगे। यहां मार्केट कॉम्प्लेक्स, गेमिंग जोन, फन जोन और एक शानदार फूड कोर्ट होगा, जहां लोग खरीदारी के साथ लजीज व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे।
पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान
अक्सर जुगसलाई आने वाले लोगों को पार्किंग की चिंता रहती है, लेकिन इस मॉल में इसका विशेष ध्यान रखा गया है। कुल 27 हजार स्क्वॉयर फीट का विशाल पार्किंग एरिया विकसित किया जा रहा है। बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर वाहनों के खड़े होने की पुख्ता व्यवस्था होगी।
बड़े ब्रांड्स के लिए रेंटल शोरूम उपलब्ध
टाटानगर गौशाला के अध्यक्ष दिनदयाल काउंटिया ने बताया कि मॉल में बड़े ब्रांड्स के शोरूम खुलेंगे। यहां 150 से 1200 स्क्वॉयर फीट तक के स्पेस उपलब्ध हैं, जिन्हें रेंटल बेसिस पर दिया जाएगा। स्थान और लोकेशन के आधार पर किराया 50 से 60 रुपये प्रति स्क्वॉयर फीट तय किया गया है।
जी टी टॉकीज की यादें होंगी ताजा
पुराने शहरवासियों के लिए जी टी टॉकीज (गौशाला टॉकीज) एक जाना-माना नाम था। इसी टॉकीज को डिस्मेंटल कर मॉल बनाया जा रहा है। मॉल के भीतर एक सिंगल स्क्रीन थियेटर का भी प्रावधान है, जहां विभिन्न भाषाओं की फिल्में दिखाई जाएंगी। हालांकि, थियेटर के लाइसेंस की प्रक्रिया अभी जारी है।
टाटानगर गौशाला संचालन समिति का योगदान
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने में टाटानगर गौशाला की नवनियुक्त कमेटी का अहम योगदान है। इसमें अध्यक्ष दिनदयाल काउंटिया, महासचिव अनिस खिरवाल, ट्रस्ट मंडल अध्यक्ष दिलीप गोयल, कमल अग्रवाल, उमेश काउंटिया, संतोष खेतान, राजकुमार अग्रवाल और राजेश जेसुका सहित पूरी कमेटी सक्रिय भूमिका निभा रही है।

