
उदित वाणी, चाकुलिया : चाकुलिया हवाई पट्टी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहाँ स्कूल जाने के दौरान जंगली हाथी को देखकर भागने के क्रम में एक छात्रा गिरकर घायल हो गई. छात्रा की पहचान माचाडीहा गांव निवासी सुकूल सोरेन के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुँचाया.
हाथी को सामने देख घबरा गई छात्रा
जानकारी के मुताबिक, सुकूल सोरेन अपनी साइकिल पर सवार होकर मनोहर लाल हाई स्कूल पढ़ने जा रही थी. जैसे ही वह हवाई पट्टी के पास पहुँची, उसे अचानक रास्ते पर एक हाथी दिखाई दिया. विशालकाय हाथी को सामने देखकर छात्रा बुरी तरह घबरा गई और अपनी साइकिल वहीं छोड़कर जान बचाने के लिए दौड़ने लगी.
भागने के दौरान आई चोट, अस्पताल में भर्ती
हाथी के डर से भागने के दौरान सुकूल सड़क पर अनियंत्रित होकर गिर पड़ी, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ साहिबा सोरेन ने घायल छात्रा का इलाज किया. फिलहाल छात्रा की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

