
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र स्थित नेशनल स्कूल रोड नंबर 15 से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां रहने वाली नवजोत कौर ने अपने पति धर्मजीत सिंह के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
पीड़िता के अनुसार, 19 अप्रैल को उसके पति ने दहेज के लिए उस पर दबाव बनाया और मांग पूरी न होने पर बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी. नवजोत का आरोप है कि पति ने उसे इतना मारा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद किसी तरह मामला थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की.
मानगो पुलिस ने पहले पीड़िता को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार कराया गया. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी पति धर्मजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया. सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
नवजोत कौर ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से दहेज को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी. बार-बार की हिंसा और दबाव से तंग आकर आखिरकार उसने पुलिस की शरण ली.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा की कुरीति और उससे जुड़ी हिंसा को उजागर कर दिया है, जिस पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता बनी हुई है.

