
उदित वाणी, पटमदा: मंगलवार को एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में “रुआर कार्यक्रम” के अंतर्गत स्वच्छता एवं जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विविध गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के इको क्लब, स्पोर्ट्स क्लब, आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब, सिंगिंग एवं डांसिंग क्लब, लिटरेसी क्लब, गार्डनिंग क्लब एवं हेल्थ क्लब के सक्रिय सहयोग से पूरे परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान प्रत्येक कक्षा में कूड़ेदान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई, ताकि स्वच्छता को नियमित आदत के रूप में अपनाया जा सके। विद्यार्थियों को कचरे के उचित प्रबंधन की जानकारी देते हुए पुनर्चक्रण योग्य और अपरिवर्तनीय अपशिष्ट के बीच अंतर समझाया गया। साथ ही, अलग-अलग रंग के डस्टबिन के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के मार्गदर्शन में किचन गार्डन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी कार्य किया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डोली डे, अनीता मुर्मू, अल्पा रोशनी बाखला, श्रीमंत प्रमाणिक तथा राशिद नेसार का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने कहा, स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम सभी छोटे-छोटे प्रयास करें, तो अपने विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बना सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि छात्र-छात्राओं में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति सकारात्मक सोच का विकास हो सके।

